नोएडा/ गाजियाबाद, एएनआइ/जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसको लेकर दिल्ली सरकार से लेकर उत्तर प्रदेश सरकार तक चिंचित है। कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के कई जिलों में नाइट कर्फ्यू के समय में बदलाव किया है। इनमें दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद भी शामिल है। नाइट कर्फ्यू का समय बढ़ाकर रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक कर दिया गया है। इससे पहले रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक ही नाइट कर्फ्यू लगाया गया था। सीएम योगी की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में नाइट कर्फ्यू रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान बिना जरुरी के घर से बाहर निकलने पर पाबंदी रहेगी। सरकार ने सिर्फ आपातकालीन सेवाओं के लिए इससे छूट प्रदान की है।
ग्रेटर नोएडा [प्रवीण विक्रम सिंह]। बादलपुर के दुजाना गांव के रहने वाले कुख्यात गैंगस्टर अनिल दुजाना पर गवाह को धमकी देने का आरोप लगा है। अनिल दुजाना के खिलाफ धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं अनिल दुजाना पर मुकदमा दर्ज होते ही पंचायत चुनाव रोचक होता नजर आ रहा है। पूर्व में वार्ड नंबर दो से जिला पंचायत सदस्य की दावेदारी ठोंकने वाली अनिल दुजाना की पत्नी पूजा ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। चुनाव नहीं लड़ने की पुष्टि अनिल के अधिवक्ता जितेंद्र नागर ने की है। पुलिस का शिकंजा कसते ही राजनीति के गलियारों में दावेदारों का चेहरा बदलता नजर आ रहा है। बदमाश की पत्नी के चुनाव नहीं लड़ने पर कई अन्य दावेदार वार्ड नंबर दो से दावेदारी पेश कर सकते है। बता दें कि गौतमबुद्धनगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 11 अप्रैल को नाम वापसी के लिए आखिरी दिन है। चुनाव 19 अप्रैल को होगा। वोटों की गिनती दो मई को होगी।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद: गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने संयुक्त अभियान में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वैशाली सेक्टर-छह से रविवार देर रात चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से गौतमबुद्ध नगर से लूटी गई इंजीनियर की ब्रेजा कार व आइफोन बरामद हुआ है। 12वीं फेल लुटेरा विधि के छात्र के साथ गिरोह चला रहा था। उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान यश कसाना, गौरव बैंसला व प्रवीण देवधर निवासीगण लोनी और शाहरुख निवासी मसूरी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि 14 मार्च को गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित मिगसन चौक के पास से आरोपितों ने इंजीनियर निशांत की ब्रेजा कार और आइफोन लूटा था। लूट के दौरान वह सब्जी लेने गए थे। उनकी पत्नी व चार माह की बेटी कार में सवार थी। लुटेरों ने उन्हें तमंचे के बल कर बंधक बना लिया था। करीब दो सौ मीटर दूर उन्हें चलती कार से नीचे फेंक दिया था। लुटेरे कार और उसमें रखा आइफोन लूटकर फरार हो गए थे। ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपितों से लूटी गई ब्रेजा कार और आइफोन बरामद कर लिया गया है। उनके पास से दो तमंचा, चार कारतूस, दो चाकू, दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।